Sunday, October 25, 2026
Home उत्तराखंड कांवड़ मेले की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने 25 जुलाई तक शेष कार्य...

कांवड़ मेले की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने 25 जुलाई तक शेष कार्य निपटाने के निर्देश दिए

पौड़ी:  आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों तथा सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की बिंदुवार समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 25 जुलाई तक सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में किए गए बैठकों तथा निरीक्षण के क्रम में कांवड़ यात्रा की अधिकांश तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं तथा अब केवल कुछ स्थानों पर शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र को प्रभावी निगरानी एवं बेहतर प्रबंधन के लिए सात जोन तथा 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें, विभागों के साथ सतत समन्वय बनाए रखें तथा व्यवस्थाओं की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर स्थायी पिंक टॉयलेट विकसित किए जाएं, जिनमें महिलाओं के लिए फीडिंग रूम, सैनिटरी वेंडिंग मशीन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि अधिकांश स्थानों पर पेयजल कनेक्शन स्थापित कर दिए गए हैं। जिन स्थानों पर पानी की आपूर्ति कम है अथवा अभी उपलब्ध नहीं हो रही है, वहां तत्काल सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी शौचालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान एवं कूड़ा वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए पूरे यात्रा क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

यात्रा मार्गों एवं पार्किंग स्थलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पैदल मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर जहां आवश्यकता हो वहां मरम्मत एवं बजरीकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्राकृतिक पेयजल स्रोतों, पार्किंग स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आवश्यक साइनेज लगाए जाएं। साथ ही जलभराव एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पहचान कर चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं तथा संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मार्गों को तत्काल सुचारु किया जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी पार्किंग एवं सेवा स्थलों पर निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा भीड़ की स्थिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा भगदड़ से बचाव के लिए पुलिस विभाग के समन्वय से आवश्यक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना सभी संबंधित हितधारकों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों से क्षेत्रवार सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अभी भी कुछ कमियां शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दूर किया जाए। साथ ही सभी अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की सतत निगरानी बनाए रखें तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं जनहितकारी व्यवहार सुनिश्चित करें, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर एडीएम एफ आर चौहान, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी, एसडीएम चतर सिंह चौहान सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

फौजी’ का धमाकेदार टीजर आउट, प्रभास की फिल्म की रिलीज डेट का हुआ ऐलान

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास के जन्मदिन के मौके पर उनकी आगामी फिल्म ‘फौजी’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर...

देहरादून के पल्टन बाजार में यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त, अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

देहरादून, 23 अक्टूबर 2026 (सूवि)-  त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाजारों में भीड़ प्रबंधन तथा आमजन की सुरक्षा...

नशे के खिलाफ जागरूकता की पहल, सीएम ने वॉकथॉन का किया शुभारंभ

देहरादून-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ. बी.आर. अम्बेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकथॉन’...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -



Most Popular

क्या ईरान पर फिर बरसेगा अमेरिका का कहर? ट्रंप ने दी सैन्य हमले की धमकी

वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को चेतावनी...

सेहत के लिए गुणकारी है तुलसी, पेट की समस्याओं से लेकर तनाव तक में मिल सकता है लाभ

भारतीय घरों में पूजनीय मानी जाने वाली तुलसी का इस्तेमाल लंबे समय से पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में किया जाता रहा है। तुलसी की पत्तियों...

फौजी’ का धमाकेदार टीजर आउट, प्रभास की फिल्म की रिलीज डेट का हुआ ऐलान

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास के जन्मदिन के मौके पर उनकी आगामी फिल्म ‘फौजी’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर...

देहरादून के पल्टन बाजार में यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त, अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

देहरादून, 23 अक्टूबर 2026 (सूवि)-  त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाजारों में भीड़ प्रबंधन तथा आमजन की सुरक्षा...

Recent Comments

A WordPress Commenter on Hello world!