Saturday, October 24, 2026
Home उत्तराखंड टनकपुर में 2217 करोड़ की आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास

टनकपुर में 2217 करोड़ की आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास

उत्तराखंड में उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा- गडकरी

महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करने पर मुख्यमंत्री ने आभार जताया

टनकपुर। केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने टनकपुर में 2217 करोड़ की कुल 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर टनकपुर के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से न केवल सड़कों और राजमार्गों का काम चल रहा है, बल्कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 87 विस्तार पर दीवारों का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले में सरयू और गोमदी नदी पर दो पुलों की मरम्मत का कार्य भी 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से न केवल पर्यटकों को लाभ होगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी आवागमन आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पर्यावरण को कोई नुकसान पहुंचाए बिना स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हम उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि काठगोदाम से नैनीताल सड़क को 2-लेन पेव्ड शोल्डर के साथ चैड़ा करने से नैनीताल-मानसखंड मंदिरों तक कनेक्टिविटी में सुधार होगा। काशीपुर से रामनगर रोड के 4-लेन चैड़ीकरण से पर्यटकों के लिए जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और मानसखंड मंदिरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। कांगारछीना से अल्मोडा मार्ग के 2 लेन चैड़ीकरण से न केवल बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी बल्कि उनका समय भी बचेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 309ए पर उडियारी बैंड से कांडा मार्ग के 2-लेन चैड़ीकरण और पुनर्वास से बागेश्वर में बागनाथ और बैजनाथ मंदिरों तक पहुंच आसान हो जाएगी। साथ ही बागेश्वर से पिथौरागढ़ तक का कठिन सफर बेहतर, सुरक्षित और समय की बचत होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं क्षेत्र के लिए 2217 करोड़ रुपये की 8 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मेरे लिए इन सभी परियोजनाओं का भूमि पूजन होना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस क्षेत्र के विधायक के रूप में मैंने इन योजनाओं के भूमि पूजन का जो स्वप्न देखा था वह स्वप्न आज पूर्ण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना हमारी प्राथमिकता है। हम निरंतर इस दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। हमारी सड़कें विकास की द्योतक हैं, ये वो पथ है जिस पर आगे बढ़कर सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड का स्वप्न साकार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में प्रदेश में जिस स्तर पर सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है वह अभूतपूर्व है। राज्य में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग द्वारा मिलकर अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में विभाग के साथ बैठक कर प्रदेश में जारी सभी निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जारी विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक है और पूर्ण आशा है कि सभी योजनाएं तय समय पर पूर्ण हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि हमने चार धाम सड़क परियोजना की ही तरह मानसखंड कॉरिडोर को भी राज्य का फ्लैगशिप प्रोजेक्ट तय कर इस पर कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। हम प्रदेश में केवल नए मार्गों का ही निर्माण नहीं कर रहे बल्कि इन पर आवाजाही को सुरक्षित करने पर भी कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी के मार्गदर्शन में हमारे सीमांत इलाकों तक सड़कों का नेटवर्क बन रहा है। सामरिक दृष्टि से अतिमहत्वपूर्ण इस सड़क नेटवर्क की जरुरत वर्षों से महसूस की जा रही थी और आज डबल इंजन की सरकार दशकों से लंबित कार्यों को पूर्ण करने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रदेश धार्मिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण प्रदेश है। हमारे चारधाम, हमारे तीर्थ, हमारे मंदिर, हमारी आस्था के स्थान, ये सिर्फ दर्शन करने के स्थल ही नहीं हैं,ये हमारी हजारों वर्षों पुरानी सभ्यता की अमिट निशानियां हैं। भारत ने हर संकट का सामना करते हुए कैसे खुद को अटल रखा, ये उसकी साक्षी है। कोई भी देश अपने अतीत को मिटाकर, भुलाकर, कभी विकसित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि हमें संतोष है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार में बीते 10 वर्षों में स्थितियां बदल गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चारधामों के साथ ही मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मन्दिरों के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया है। जिसके तहत केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के साथ ही टनकपुर-पिथौरागढ़ की सड़क कनेक्टिविटी में सुधार के लिए चारधाम आल वेदर सड़क परियोजना पर वृहद स्तर पर कार्य चल रहा है। साथ ही दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य भी तीव्र गति से चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनसेवा को ध्येय मान कर कार्य कर रही है और हमारा लक्ष्य उत्तराखंड का सर्वांगीण विकास है। प्रधानमंत्री की अपेक्षा के अनुरुप हम उत्तराखण्ड को प्रत्येक क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। हम जन-जन की आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ दिन रात निरंतर कार्य कर रहे हैं। जबकि पूर्व की सरकारों ने वादों को पूरा करने की गारंटी देते हुए केवल वोटबैंक की राजनीति का हर वर्ग को छलने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश कह रहा है कि ‘मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी’। प्रधानमंत्री ने सड़कों के विकास, नए हवाई अड्डों का निर्माण, गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों को मूल सुविधाएं देने की गारंटी दी है और सभी देख रहे हैं कि आज इनमें से अधिकतर गारंटियां पूरी हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार हर लाभार्थी तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य हर नागरिक का जीवन आसान बनाने का है और हम अपने इस प्रयास में सफल हो रहे हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि विगत 10 वर्षों में भारत का कायाकल्प हुआ है। दुनिया आज भारत का लोहा मान रही है। सांसद अजय टम्टा ने अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र में किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के साथ ही चारधामों एवं मानसखंड मंदिर माला को जोड़ने हेतु बनाई जा रही सड़क परियोजनाओं एवं प्रस्तावित परियोजनाओं के बारे में अवगत कराया।

इस अवसर पर विधायक काशीपुर त्रिलोक सिंह चीमा, प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महर, मुख्य अभियंता सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय डीके शर्मा, जिलाधिकारी नवनीत पाण्डे, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

देहरादून के पल्टन बाजार में यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त, अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

देहरादून, 23 अक्टूबर 2026 (सूवि)-  त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाजारों में भीड़ प्रबंधन तथा आमजन की सुरक्षा...

नशे के खिलाफ जागरूकता की पहल, सीएम ने वॉकथॉन का किया शुभारंभ

देहरादून-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ. बी.आर. अम्बेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकथॉन’...

विधानसभा निर्वाचन-2027 के लिए प्रशासन अलर्ट, सभी जनपदों में ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी आज से

देहरादून, 22 अक्टूबर 2026 (सू.वि.) उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद देहरादून में 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -



Most Popular

देहरादून के पल्टन बाजार में यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त, अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

देहरादून, 23 अक्टूबर 2026 (सूवि)-  त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाजारों में भीड़ प्रबंधन तथा आमजन की सुरक्षा...

मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए केवल विटामिन C और D काफी नहीं, इन पोषक तत्वों पर भी दें ध्यान

शरीर को संक्रमण और बीमारियों से बचाने में प्रतिरक्षा प्रणाली यानी इम्युनिटी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली शरीर को वायरस, बैक्टीरिया...

नशे के खिलाफ जागरूकता की पहल, सीएम ने वॉकथॉन का किया शुभारंभ

देहरादून-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ. बी.आर. अम्बेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकथॉन’...

‘जेलर 2’ की शानदार कमाई जारी, ‘रणबाली’ के कलेक्शन में आई कमी

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों कई फिल्मों के बीच कमाई को लेकर मुकाबला देखने को मिल रहा है। रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ शानदार...

Recent Comments

A WordPress Commenter on Hello world!