Saturday, November 28, 2026
Home उत्तराखंड आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में सीएम ने किया चार...

आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में सीएम ने किया चार महत्वपूर्ण ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन घोषणाओं के तहत पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने, शिक्षण संस्थानों में आपदा मित्र तैयार करने, आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को आपदा मानने और राहत-बचाव कार्यों में मदद करने वाले लोगों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां आपदा प्रबंधन के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे में केवल सरकारी तंत्र के भरोसे आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटना संभव नहीं है। इसके लिए आम जनता की भागीदारी और समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रशिक्षित करना जरूरी है।

पूर्व सैनिकों और शिक्षण संस्थानों को आपदा प्रबंधन से जोड़ा जाएगा

मुख्यमंत्री की पहली घोषणा के अनुसार, भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा से बचाव और राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके अनुभव का उपयोग आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करने में किया जाएगा।

दूसरी घोषणा के तहत अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा। राज्य सरकार ऐसे शिक्षकों को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में तैयार करेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित रूप से आपदा से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी जाएगी।

घरों में आग लगने की घटनाओं को भी माना जाएगा आपदा

मुख्यमंत्री ने तीसरी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आवासीय भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आग लगने की घटना को अब आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के निर्धारित मानकों के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं, चौथी घोषणा के तहत आपदा और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान बिना किसी स्वार्थ के राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे आम नागरिकों को भी संकट के समय जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।

आईआरएस पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। इन दस्तावेजों के माध्यम से आपदा के समय विभिन्न विभागों और एजेंसियों की जिम्मेदारियों, समन्वय और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था को और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का लगातार सामना करना पड़ता है। पिछले दो-तीन वर्षों में भी प्रदेश ने कई बड़ी आपदाएं देखी हैं। ऐसे समय में शासन-प्रशासन, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर तालमेल के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाए हैं।

उन्होंने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित तंत्र का सक्रिय होना और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचना सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए पूर्व तैयारियों को मजबूत करने के साथ ही प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां तय होना जरूरी है।

सिलक्यारा बचाव अभियान को बताया बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण अभियान था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अभियान की निगरानी कर रहे थे और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया था।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली गई। करीब 17 दिनों तक चले प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों की मेहनत, बाबा बौखनाग के आशीर्वाद और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय को दिया। उन्होंने भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में बचाव की तैयारियों को परखने के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे राहत

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा से पहले की तैयारियों, आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया और उसके बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि सिलक्यारा बचाव अभियान बेहतर टीम वर्क, धैर्य और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण रहा। आपदा प्रबंधन का वास्तविक उद्देश्य यह होना चाहिए कि प्रभावित क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक भी समय पर सहायता पहुंचे।

मुख्य सचिव ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता का लाभ लेने, स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत बताई। साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने पर भी जोर दिया।

प्रदेश में गठित हैं 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सिलक्यारा बचाव अभियान, आपदा जोखिम कम करने के उपायों, पूर्व चेतावनी प्रणाली और विभागीय क्षमता विकास से जुड़े कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें कुल 2250 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी सहित राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी मौजूद रहे।

इसके अलावा प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, शासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

RELATED ARTICLES

विधानसभा निर्वाचन-2027 के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशिक्षित

देहरादून, दिनांक 27 नवम्बर, 2026 (सू.वि.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन देहरादून द्वारा...

इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ली प्रगति रिपोर्ट

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक...

नदियों में प्रदूषण रोकने को डीएम सख्त, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण में तेजी लाने को कहा।

देहरादून 26 नवंबर,2026 (सू.वि), जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गंगा एवं उसकी प्रमुख सहायक नदियों के पुनर्जीवन, स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अधिकारियों...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -



Most Popular

विधानसभा निर्वाचन-2027 के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशिक्षित

देहरादून, दिनांक 27 नवम्बर, 2026 (सू.वि.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन देहरादून द्वारा...

जंक फूड का रोजाना सेवन बन सकता है बीमारियों की वजह, फैटी लिवर का भी खतरा

आजकल की व्यस्त जीवनशैली में लोगों के खानपान का तरीका तेजी से बदल रहा है। समय की कमी और स्वाद के चलते फास्ट फूड...

आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में सीएम ने किया चार महत्वपूर्ण ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने...

इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ली प्रगति रिपोर्ट

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक...

Recent Comments

A WordPress Commenter on Hello world!